बीएसए कार्यालय पर धरना दे रहे निजी स्कूल संचालकों पर लाठी भांजकर खदेड़ती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। सोमवार को बीएसए कार्यालय पर धरना दे रहे निजी स्कूल संचालकों और सुकरौली के खंड शिक्षाधिकारी के बीच हुई तकरार के बाद माहौल गरमा गया। एएसपी के साथ पहुंचे पुलिस कर्मियों ने लाठी भांजकर आंदोलनकारियों को खदेड़ा। देर शाम बीईओ ने आंदोलनकारी शिक्षकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी।
जिले में बिना मान्यता के चल रहे प्राइवेट स्कूलों को बंद करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया है। इसके विरोध में सोमवार को प्राइवेट स्कूल संचालकों ने निजी प्रबंध/ अशासकीय विद्यालय कल्याण समिति के बैनर बीएसए कार्यालय पर धरना शुरू किया था। दिन के करीब ढाई बजे आंदोलन कर रहे स्कूल संचालकों ने बीएसए कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला बंद कर दिया।
उस वक्त बीएसए कार्यालय में एडीएम रामकेवल तिवारी भी मौजूद थे। कार्यालय पहुंचे सुकरौली बीईओ अखिलेश यादव ने ताला खोलने का प्रयास किया तो उनसे और आंदोलनकारी शिक्षकों के बीच तीखी नोंकझोंक होने लगी।
स्कूल संचालकों ने बीईओ को जबरन अपने साथ धरनास्थल पर बैठा लिया। बीईओ और स्कूल संचालकों के बीच हुई तकरार के बाद माहौल गरमा गया। कुछ ही देर में वहां एएसपी लालसाहब यादव फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने लाठी भांजकर धरना दे रहे स्कूल संचालकों को खदेड़ा।
इससे वहां अफरातफरी मच गई। पुलिसवालों ने वहां मौजूद कई गाड़ियों को भी उठवाकर कोतवाली भिजवा दिया। इस संबंध में कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।