करंट की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री झुलस गया। इससे गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
फाजिलनगर के फाजिलनगर के सुमही बुजुर्ग में शटडाउन लेने के बाद पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा बिजली मिस्त्री अचानक विद्युत प्रवाह होने के चलते करंट की चपेट में आकर झुलस गया आैर नीचे गिर गया। इससे नाराज गांव वाले उसे इलाज के लिए भेजने के बाद विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए और एसएसओ के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के कस्तूरबा गांव निवासी मुख्तार प्रसाद (30) प्राईवेट बिजली मिस्त्री का कार्य करते हैं। गांववालों के मुताबिक रविवार सुबह दस बजे सुमही बुजुर्ग गांव में उपकेन्द्र पर कार्यरत एसएसओ से शटडाउन लेने के बाद फ ाल्ट ठीक करने लगे। इसी दौरान उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आकर झुलस गए और नीचे गिर गए।
गांव के लोग उन्हें सीएचसी पर ले गए और इसकी सूचना विभाग के अधिकारियों को दी। लेकिन वहां किसी अधिकारी के न पहुंचने पर लोग नाराज हो गए और सुनील सिंह की अगुआई में विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर एसएसओ के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। लगभग चार घंटे के प्रदर्शन के दौरान कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। बाद में लोग वापस चले गए। पटहेरवा के एसओ जितेंद्र यादव का कहना था कि इस मामले में तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।