सिंदुरिया पुलिस चौकी पर हमले के मामले में पुलिस ने रविवार को पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मामले में पुलिस ने शनिवार को सहायक बैंक प्रबंधक की तहरीर पर 11 नामजद व 150 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास, बलवा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंदुरिया स्थित भारतीय स्टेट बैंक में बैंक सर्वर काम नहीं करने पर उपभोक्ताओं ने शोर-शराबा कर दिया था। इस पर सिंदुरिया पुलिस ने वहां उपभोक्ताओं को बल पूर्वक खदेड़ना शुुरू कर दिया था।
गुस्साए लोगों ने पुलिस पर चप्पल फेंकने के साथ ही सिंदुरिया चौकी पर पथराव कर दिया था। पुलिस के लाठीचार्ज में जहां कई उपभोक्ता घायल हो गए थे। वहीं पथराव में कई सिपाहियों के घायल होने की भी सूचना थी।
मामले में पुलिस ने एसबीआई के सहायक प्रबंधक रामाकांत मिहिर के तहरीर पर 11 नामजद व 150 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास, बलवा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार की देर रात पुलिस ने दबिश देकर घटना में शामिल राजू चौधरी, राकेश चौधरी, अजय गुप्ता, श्यामदेव व लक्ष्मण को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर टीपी श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।