कठकुइयां। मंगलवार को कठकुइयां रेलवे स्टेशन के निकट एक गड्ढे में दो वर्ष का बच्चा गिर गया। उस गड्ढे में पानी भरा होने के कारण उसमें डूबने से बच्चे की मौत हो गई। कुछ देर बाद बच्चे का ढूढते हुए घरवाले पहुंचे और शव बाहर निकाला गया।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के कठकुइयां निवासी टुनटुन चौहान का घर रेलवे स्टेशन के निकट है। उनके घर के बगल में ही गड्ढा है, जिसमें पानी भरा हुआ था। मंगलवार को दिन के करीब तीन बजे उनका दो वर्षीय पुत्र आर्यन खेलते हुए उस गड्ढे के पास चला गया। गड्ढे में पानी भरा हुआ था। उसमें गिर जाने से आर्यन डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक आर्यन कहीं घर में नजर नहीं आया तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। हर तरफ ढूंढने के बाद उसे खोजते हुए गड्ढे की तरफ गए तो पानी में उसका शव दिखा। घरवालों ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला। देर शाम परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।