तमकुहीराज। कुश्ाीनगर के सीओ तमकुहीराज की अगुवाई में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करके लगभग डेढ़ क्विंटल भांग बरामद किया गया है। आबकारी विभाग की टीम बरामद माल की जांच पड़ताल कर रही है।
तमकुहीराज के सीओ आरके तिवारी के अनुसार सेवरही थाना क्षेत्र के अहिरौली एवं तरयासुजान थाना क्षेत्र के विशुनपुरा में भारी मात्रा में अवैध भांग रखे होने की सूचना मिली थी। इस पर एसओ सेवरही श्रीप्रकाश एवं चौकी प्रभारी तमकुहीराज विकास यादव को साथ लेकर संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई। अहिरौली के एक तीन मंजिला मकान के कमरों मे भांग बरामद की गई। वहीं विशुनपुरा गांव के एक मकान के कमरे से अवैध भांग पाई गई। पूछताछ में पता चला कि यह भांग लखनऊ निवासी एक कारोबारी का है। सीओ ने बरामद भांग के बारे मे विशेष जानकारी के लिए आबकारी विभाग को मामले की जानकारी देकर मौके पर बुलाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने जांच पडताल शुरू की।
इस संबंध में आबकारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि जिले में 13 स्थानों पर भांग रखने के लिए लाइसेन्स जारी किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।