गौरी श्रीराम (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरी श्रीराम गांव के झरही टोला में भुट्टा तोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग किसान की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मृत किसान के परिजन ने शव खेत के सामने रखकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार को सुबह करीब सात बजे 60 वर्षीय बलाक निषाद मक्के के खेत की रखवाली कर रहे थे। गांव का ही एक लड़के को खेत से भुट्टा तोड़ने पर पकड़ कर बलाक ने उसे दो थप्पड़ मार दिए। लड़का रोते हुए घर गया और परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। कहा जा रहा है कि लड़क के घरवाले इसके बाद खेत में पहुंच गए और बुजुर्ग किसान बलाक की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। मौके पर ही किसान की मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। किसान के परिजन खेत में पहुंचे तो बलाक के जीवित होने की आस में दुदही सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहां से शव लेकर लौटे घरवालों ने शव को खेत के सामने वाली सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। गांव वालों की सूचना पर पहुंची विशुनपुरा पुलिस को ग्रामीणों की तीव्र नाराजगी झेलनी पड़ी। पुलिस कर्मियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपियों के परिवार के एक सदस्य को पकड़कर थाने भेजा। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस संबंध में एसओ विशुनपुरा कृष्ण कुमार का कहना है कि नामजद तहरीर मिली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जाएगी।