एसबीआई की पडरौना शाखा के एक खातेदार के 85 हजार रुपये बिना उसकी जानकारी के किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। भारतीय सेना में तैनात इस खातेदार को जानकारी हुई तो उसने घरवालों को बैंक शाखा भेजकर मामले की जानकारी लेने व कार्रवाई कराने को कहा। परिवार के लोगों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच की मांग की है।
रामकोला थाना क्षेत्र के गांव तरकुलवा, लक्ष्मीगंज निवासी अमरनाथ प्रसाद थल सेना के सैनिक हैं और इस वक्त जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात हैं। पडरौना की एसबीआई शाखा में उनका खाता है। अमरनाथ प्रसाद के खाते से बिहार के भोजपुर जिले के लहान गांव निवासी अजय सिंह नाम के व्यक्ति के खाते में 85 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। अगस्त माह में हुए इस ट्रांसफर की जानकारी परिवार के लोगों को तब हुई, जब वह बैंक में पासबुक छपवाने गए थे। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना अमरनाथ को दी। सैनिक ने पुलिस अधीक्षक के नाम पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। परिवार के लोगों का कहना है कि 15 दिन से अधिक का समय हो गया लेकिन अभी तक इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।