चार हजार रुपये की साड़ी न खरीदे जाने से नाराज होकर विवाहिता ने सोमवार सुबह फंदे से लटक गई। परिवार के लोग उसे सीएचसी दुदही ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के चाफ गांव निवासी उमेश पांडेय की शादी दो माह पहले बिहार के जिला गोपालगंज के पचारमा गांव निवासी माला के साथ हुई थी। करीब 20 दिन पहले पति बाहर कमाने चला गया। इसी दौरान माला के परिवार के लोगों ने विदाई के लिए तिथि निर्धारित कर दी।
सोमवार को विदाई के लिए उमेश के घर में मिठाई आदि बनाई जा रही थी। इसी दौरान माला ने विदाई की साड़ी खरीदने के लिए कही तो परिवार के लोग एक हजार रुपये मूल्य की साड़ी लेकर आए। इससे नाराज होकर वह चार हजार रुपये मूल्य की साड़ी मंगाने को लेकर जिद करने लगी तो परिवार वालों ने महंगी साड़ी खरीदने में असमर्थता जता दी।
इसके बाद उसने मोबाइल पर पति से बात की तो पति ने भी विवशता जताई। उससे नाराज होकर वह कमरे में चली गई। कुछ देर बाद लोग जब उसके कमरे पहुंचे वह फंदे से लटकी मिली। आननफानन में परिवार के लोग विवाहिता को सीएचसी दुदही ले गए।
जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विनय कुमार का कहना है कि लड़की के माता-पिता आए थे। कोई कार्रवाई नहीं चाहने की बात कह रहे थे। उनकी तरफ से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया