पूरे स्टॉफ के खिलाफ केस दर्ज कर तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर/रामकोला। कुशीनगर जिले के रगड़गंज स्थित ज्ञान भारती महाविद्यालय में शुक्रवार को प्रथम पाली में बीए प्रथम वर्ष की हिंदी की परीक्षा शुरू होने से पहले ही सॉल्व कॉपियां मिलने से हड़कंप मच गया।
एसडीएम के छापे में सॉल्व और डुप्लीकेट कॉपियां मिलने से नाराज छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर कॉलेज के प्रबंधक और प्राचार्य समेत पूरे स्टॉफ के खिलाफ केस दर्ज कर तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।
कॉलेज में शुक्रवार को प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने के पहले एसडीएम कप्तानगंज सचिन सिंह ने तहसीलदार बीएन सिंह के साथ छापा मारा। जिसमें प्रबंधक के कमरे में रखे एक बैग में लिखी हुईं अलग-अलग परीक्षार्थियों के नामों की आठ उत्तर पुस्तिकाएं मिलीं। वह बीए प्रथम वर्ष की हिंदी के प्रथम प्रश्न पत्र की कॉपियां थीं।
जांच में सात अप्रैल की बीए भाग दो हिंदी की लिखी हुई उत्तर पुस्तिकाएं भी मिलीं। इसके अलावा बड़ी संख्या में डुप्लीकेट कॉपियां भी मिलीं। उसी दौरान गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय उड़न दस्ते के डॉ. अमृतांशु शुक्ला, डॉ. उमाशंकर तिवारी और गौरव तिवारी कॉलेज पहुंचे। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक को इसकी सूचना दी। इसके बाद प्रथम पाली की हिंदी की परीक्षा निरस्त कर दी गई।
उड़नदस्ते ने दूसरी पाली की परीक्षा अपनी निगरानी में करवाई। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. महात्मा प्रवण कुमार चतुर्वेदी की तहरीर पर पुलिस ने कॉलेज के प्रबंधक और प्राचार्य सहित पूरे स्टॉफ के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कॉलेज के बृजेश मिश्रा, अजय कुमार और गुलाम अली को गिरफ्तार कर लिया।