दुदही। रविवार की रात अपने घर में सो रही एक युवती को कुछ युवकों ने अगवा कर लिया। युवती के साथ गैंगरेप की आशंका जताई जा रही है। लड़की की पिटाई के बाद घर के पीछे मक्का के खेत में फेंककर भाग गए। बेहोशी की हालत में उसे दुदही सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित अस्पताल में अब भी बेहोश है।
विशुनपुरा थानाक्षेत्र की रहने वाली पीड़ित के परिवारवालों की मानी जाए तो रविवार की रात युवती अपनी दो बहनों के साथ झोपड़ी में सोई थी।
सके बगल की झोपड़ी में युवती के भाई-भाभी सोए थे, जबकि घर से कुछ दूरी पर एक झोपड़ी में माता-पिता थे। रात में करीब 10 बजे उसके भाई की नींद खुली तो वह गांव में आई नाच देखने के लिए साइकिल निकालने लगा।
उस समय युवती के वहां मौजूद नहीं रहने पर उसने अपनी मां को बात बताई।
थोड़ी ही देर में परिवार के सभी लोगों को युवती के गायब होने की बात पता चल गई। उसी समय युवती की खोजबीन शुरू कर दी गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। एक घंटे बाद घर के पीछे गए तो युवती मक्के के एक खेत में बेहोशी की हालत में मिली। उसके चेहरे पर नाख़ून और गले पर चोट के निशान थे। उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
युवती को तुरंत दुदही सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, लेकिन शाम तक उसे होश नहीं आया था। युवती के परिवारवालों की सूचना पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। इस संबंध में विशुनपुरा थाना के प्रभारी उमेश कुमार का कहना है कि युवती अभी बेहोश है। उसके होश में आने पर ही कोई जानकारी मिल पाएगी। एक लड़के को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।