पडरौना (कुशीनगर)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को महंगा पड़ गया है। सीओ के निर्देश पर तरयासुजान थाने की पुलिस ने तमकुहीराज के एक युवक के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश में है।
तरया सुजान थाना क्षेत्र के तमकुहीराज में जनरल स्टोर चलाने वाले नौशाद खान ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डाली। इसके वायरल होते ही शुक्रवार को तमकुहीराज में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने फेसबुक पर वायरल हुई इस पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए तरयासुजान थाने की पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। शनिवार को तरयासुजान थाने पर आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज रामकृष्ण तिवारी के संज्ञान में यह मामला आने पर उन्होंने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इस संबंध में तरयासुजान थाने के एसओ सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।