विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव गौरीश्रीराम टोला माधोपुर के सामने बड़ी गंडक नहर में आठ वर्षीया बालिका डूब गई। घटना के वक्त बालिका नहर की पटरी पर बकरी चरा रही थी, इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गई। मौके पर पहुंचे कई लोगों ने नहर में उतरकर उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन पानी ज्यादा होने के चलते कुछ पता नहीं चला।
गौरीश्रीराम गांव के माधोपुर टोला निवासी बासुकी पटेल की बेटी अनामिका पटेल (8) सोमवार को शाम 5 बजे गांव के अन्य बच्चों के साथ बड़ी गंडक नहर के किनारे बकरी चरा रही थी। घास चरते-चरते बकरी नहर के एकदम किनारे तक पहुंच गई तो अनामिका उसे वहां से भगाने के लिए गई। वहां मौजूद बच्चों के अनुसार अनामिका नहर के किनारे उगी मूंज घास को पकड़कर बकरी को दूर भगाने लगी। इस दौरान घास का झुरमुट उखड़ गया और वह नहर में गिरकर डूबने लगी। उसे डूबता देखकर बकरी चराने वाले अन्य बच्चों ने शोर किया।
हल्ला सुनकर जब तक गांव के लोग पहुंचे, अनामिका डूब चुकी थी। गांव के कुछ लोगों ने नहर में उतरकर उसकी तलाश का प्रयास किया लेकिन पानी का बहाव तेज होने के चलते कुछ पता नहीं लगा। सूचना मिलने पर विशुनपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई गई। एसो ओपी राय ने बताया कि नहर में डूबी बच्ची की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।