हाटा। क्षेत्र में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान खत्म होते ही चुनावी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया है। चुनावी रंजिश में रविवार सुबह हाटा कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों में मारपीट हो गई।
जिसमें एक महिला सहित आठ लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में एक शख्स को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के पैकौली बावन गांव में सुबह दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष से सोनमती देवी, अभय, अवधेश, रामायण और राजेश घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से भोला राव को चोट आई है।
इन सभी को हाटा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से भोला राव की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोनमती देवी की तरफ से तहरीर दी गई है। जबकि भोला राय के तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
उनके परिवार के लोगों का कहना है कि कई लोगों को चोट आई है। अभी वे अस्पताल में हैं। लौटने पर तहरीर देंगे।
दूसरी घटना कोतवाली क्षेत्र के ही मोतीपाकड़ श्रीकांत गांव में हुई। यहां भी मारपीट की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है। इस विवाद में एक पक्ष के विमलेश दुबे और जयप्रकाश दुबे घायल हुए हैं।
इनकी तरफ से तहरीर दे दी गई है, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ है। हाटा के कोतवाल अंजनी श्रीवास्तव का कहना था कि घटना की जानकारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है जिन गांवों में विवाद हुआ है वहां शनिवार को मतदान हुआ था।