जौरा बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पिपरा रज्जब गांव के सामने फोरलेन पर किसी वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग अभी इलाज के लिए फाजिलनगर लेकर जाने की तैयारी में थे, तब तक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की वजह से आधे घंटे तक फोरलेन के हिस्से पर आवागमन रुका रहा। तुर्कपट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवागमन शुरू कराया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटखौली निवासी 60 वर्षीय मदीना मंगलवार की शाम करीब चार बजे साइकिल से फाजिलनगर जा रहे थे। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पिपरा रज्जब ग्राम सभा के सामने फोरलेन पर बने क्रासिंग को पार करते समय किसी वाहन की चपेट आ गए। गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। लोगों ने हादसे की सूचना तुर्कपट्टी पुलिस को दी। सड़क पर शव पड़ा होने व तमाशाबीनों की वजह से इस लेन पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस के पहुंचने में देरी पर कुछ लोग सड़क जाम करने लगे। तब तक पटहेरवा थाने के एसएसआई राकेश सिंह व फाजिलनगर चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज आरके तिवारी, एसओ कसया गजेंद्र राय, एसओ तरयासुजान सत्येंद्र कुंवर, नीरज शाही आदि पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।