जटहां बाजार। माघी कोठिलवा गांव के बलुवा टोला में बृहस्पतिवार को देर रात ढिबरी से आग लगने से 10 घर जल गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस वालों ने आग पर काबू किया।
आग की घटना से लाखों रुपये मूल्य के सामान की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह राजस्व विभाग के लोग मौके पर पहुंचे और आग से हुई क्षति का जायजा लिया।
विशुनपुरा ब्लॉक के माघी कोठिलवा के बलुवा टोले में बृहस्पतिवार को करीब 11 बजे छोटेलाल चौहान के घर में ढिबरी से आग लग गई। जिसकी जब तक लोग कुछ समझ पाते आग की चपेट में हरिलाल, हीरामन, राजनारायन, जिउत, रंगलाल, सुकई, भुक्खल, अदालत के घर भी आग की चपेट में आ गए। हरिलाल के घर के लोग शोर मचाते हुए किसी तरह से बाहर निकले।
शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच लोगों ने फायरब्रिगेड और पुलिस को सूचना दे दी। बाद में फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रयास करके आग पर किसी तरह से काबू किया। आग बुझने तक दस घरों में रखे सामान जल कर नष्ट हो गए।
आग लगने की इस घटना में करीब 50 हजार नकद और लाखों रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए। शुक्रवार की सुबह हल्का लेखपाल पहुंचे और आग से हुई क्षति का आंकलन किया। लेखपाल ने बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। इस दौरान राजेश पांडेय, किताब अली, रामनरेश प्रसाद, राजकुमार आदि मौजूद रहे।