गड़हिया-नौगांवा मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राॅली के चपेट में आने से सात वर्षीय एक बालक की मौत पर रोते परिवार के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कोटवा बाजार (ब्यूरो)। बुधवार को नौगांवा-गड़हिया मार्ग पर नौगांवा मदरसे से पढ़कर घर लौट रहे सात वर्षीय एक बालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के नौगांवा डीह टोला निवासी फारूख का सात वर्षीय बेटा माहताब गांव के ही मदरसे से पढ़कर घर लौट रहा था।
गड़हिया-नौगांवा मार्ग पर दिन के लगभग साढ़े ग्यारह बजे मिट्टी गिराकर तेजी से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। वह मदरसा में पहली कक्षा का छात्र था।
सूचना मिलने पर नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजी। एसओ शैलेश सिंह का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। उधर, दुर्घटना के बाद बच्चे के पिता फारूख और मां शकीना सहित परिवार के सभी लोगाें का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी उन्हें ढांढस बंधा रहे थे।