रामकोला। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अवरही कृतपुरा गांव से दो दिन पहले अपहृत युवक की हत्या करके फेंकी गई लाश शुक्रवार की देर रात बोदरवार के समीप झाड़ियों में मिली। जानकारी होने पर शनिवार की सुबह परिवारवाले और गांव के लोग कप्तानगंज थाने पर पहुंचे। लोग इस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हल्ला करने लगे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए मामला शांत करा दिया।
अवरही कृतपुरा गांव निवासी अमेरिका निषाद को बीते बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे गांव के ही दो लोग बाइक से बैठाकर कहीं ले गए। देर शाम तक भी वह घर नहीं लौटा तो परेशान घरवालों ने खोजबीन शुरू की। जिन लोगों के साथ अमेरिका निषाद घर से निकला था वे भी नहीं मिले। शुक्रवार की सुबह घरवाले कप्तानगंज थाने पर पहुंचे और दो लोगों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की तो देर रात ही युवक की हत्या की बात सामने आ गई। रात में ही पुलिस ने बोदरवार के पास से झाड़ी में फेंका गया शव बरामद कर लिया। शनिवार की सुबह इसकी जानकारी होते ही गांव के तमाम लोग कप्तानगंज थाने पर पहुंचे। अमेरिका की पत्नी और बच्चों का बिलखना देखकर थाना परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भर आईँ। नाराज लोग हत्यारों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करने लगे। एसओ चौथीराम यादव ने लोगों को बताया कि आरोपी पकड़ लिए गए हैं और उन्हें मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।