रामकोला में थाने की पुलिस शनिवार को पशु तस्करों के हमले से बच गई। गश्त के दौरान तेज गति से रगड़गंज की तरफ से आ रहे मिनी ट्रक को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस जीप की तरफ ट्रक घुमा दिया। पुलिस जीप के चालक ने सतर्कता दिखाते हुए किसी तरह से अन्य लोगों की जान बचाई। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर ट्रक को रोका। जिस पर 23 मवेशी बरामद हुए। हालांकि, ट्रक चालक और उस पर सवार अन्य लोग मौके का लाभ उठाकर भाग निकले। पुलिस ने चालक, वाहन स्वामी सहित पांच लोगों पर केस दर्ज किया है।
रामकोला थाने के एसओ अनिल सिंह एसआई बी सिंह और कांस्टेबल विनोद यादव के साथ रात में गश्त पर थे। जब वह रगड़गंज में गश्त पर थे, उसी दौरान कप्तानगंज की तरफ से आ रहे एक वाहन की लाइट दिखाई दी। एसओ के निर्देश पर कांस्टेबल ने जब टार्च जलाकर ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो भागने के चक्कर ने ट्रक चालक ने वाहन पुलिस जीप की तरफ घुमा दिया। गनीमत थी कि पुलिस जीप के चालक ने सतर्कता दिखाई और किसी तरह से वाहन किनारे कर पुलिस के जवानों के जान बचाई। बौखलाई पुलिस ने ट्रक का पीछा किया और कुछ दूर बाद ट्रक को पट्टा लगाकर रोका। इस बीच ट्रक चालक और उस पर सवार अन्य लोग मौके का लाभ उठाकर भाग गए। एसओ अनिल सिंह ने बताया कि ट्रक पर 23 मवेशी बरामद हुए। ट्रक चालक, वाहन स्वामी सहित पांच लोगों पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।