पिपरा कनक। पटहेरवा थाना क्षेत्र के समउर बाजार निवासी आशा कार्यकर्ता के पति को बकाया रुपये दिलाने के नाम पर जालसाज ने फोन से बैंक खाते की जानकारी ली और खाते से 10 हजार रुपये भी निकाल लिया। फोन पर खुद को सीएमओ बताने वाले इस जालसाज के खिलाफ कार्रवाई के लिए पीड़ित ने एसपी कार्यालय के साइबर सेल को तहरीर दी है।
समउर बाजार निवासी आशा कार्यकर्ता मीना देवी के पति प्रमोद के मोबाइल पर सोमवार की दोपहर में किसी ने फोन कर खुद को सीएमओ बताते हुए बातचीत शुरू की। प्रमोद के अनुसार, उस व्यक्ति ने आशा कार्यकर्ता के बकाया रुपये दिलाने के लिए बैंक खाते व एटीएम कार्ड का डिटेल मांगा। प्रमोद ने उसकी बात का विश्वास करके पत्नी का खाता नंबर व एटीएम नंबर बता दिया।
थोड़ी देर बाद उसने फिर फोन करके दूसरा खाता नंबर बताने को कहा। इस बार प्रमोद ने पड़ोसी का खाता नंबर दे दिया। शाम को दूसरे खाते से 10 हजार रुपये निकल गए। इसकी जानकारी होने पर पड़ोसी ने आशा कार्यकर्ता के पति को इसकी जानकारी दी। उसके बाद जिस नंबर से फोन आया था, वह नंबर भी बंद हो गया।
परेशान घरवालों ने इसकी जानकारी समउर बाजार पुलिस चौकी को दी। पुलिस कर्मियों ने उसे साइबर सेल पडरौना भेजा। इस संबंध में चौकी इंचार्ज समउर बाजार संजय सिंह ने बताया कि पीड़िता को साइबर सेल में शिकायती पत्र देने को कहा गया है। वहीं से इस मामले की तकनीकी जांच होगी।