कुशीनगर। जिले की सीमा के नजदीक बिहार के कुचायकोट थाना क्षेत्र में सशस्त्र अपराधियों ने मंगलवार की देर रात एक व्यापारी की बाइक लूट ली। तरयासुजान थाना क्षेत्र के तिनफेड़िया बाजार से यह दुकानदार दुकान बंद करके अपने घर बिहार के जलालपुर जा रहा था। कुचायकोट पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र का तिनफेड़िया बाजार बिहार सीमा के एकदम नजदीक है। बिहार के गोपालगंज जिलान्तर्गत जलालपुर गांव निवासी अरुण बरनवाल तिनफेड़िया बाजार में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। मंगलवार की रात करीब नौ बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। यूपी सीमा के नजदीक बिहार के कुचायकोट थाना क्षेत्र के गांव बरवा के पास बदमाशों ने इन्हें रोक लिया और असलहा दिखाकर बाइक लूटकर फरार हो गए। दुकानदार ने मोबाइल से कुचायकोट पुलिस को वारदात की जानकारी दी। इस संबंध में कुचायकोट के थाना प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। बताया जाता है कि करीब 10 साल पहले भी यूपी-बिहार बार्डर पर इसी व्यापारी की बाइक बदमाशों ने लूटी थी, परंतु सीमा विवाद के चलते मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।