हाटा। कोतवाली क्षेत्र के मोतीपाकड़ श्रीकांत गांव निवासी एयरफोर्स के जवान का शव शनिवार को गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। जवान की मौत सड़क दुर्घटना में हुई थी।
वह एयरफोर्स में ही रडार आपरेटर के पद पर तैनात थे। मोतीपाकड़ गांव के रहने वाले जंगी प्रजापति के 29 वर्षीय बेटे ओंकार प्रजापति भारतीय वायु सेना में कार्यरत थे। वह पश्चिम बंगाल के हाशिमआरा एयरफोर्स स्टेशन पर रडार आपरेटर पद पर तैनात थे।
बाइक से 10 मार्च को ड्यूटी पर जाते समय उनकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। शनिवार को ओंकार का शव लेकर उनके साथी जब गांव पहुंचे तो दरवाजे पर काफी भीड़ जुटी हुई थी।
शव दरवाजे पर आते ही जवान की माता लोंगा देवी, पत्नी पूनम दहाड़ें मारकर रोने लगीं। वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई थीं। ओंकार की पत्नी पूनम अपने 10 माह की बेटी सौम्या को लेकर बदहवास हो गई थीं। लोगों ने किसी तरह से परिवार के लोगों को संभाला। उसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।