पडरौना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत संचालित निजी विद्यालय के अध्यापक ने सोमवार को स्कूल में पढ़ने वाली आठवीं की छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ डालकर पिला दिया। इस दौरान साथ मौजूद छोटे भाई के चिल्लाने पर उस पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। घरवालों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
आठवीं कक्षा की एक छात्रा अपने ही विद्यालय में पढ़ने वाले अपने छोटे भाई के साथ सोमवार को स्कूल से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में मिले स्कूल के एक अध्यापक ने उसे रोककर बातचीत करनी चाही तो छात्रा ने बात करने से इंकार कर दिया। घबराई छात्रा ने बचकर निकलने लगी इससे गुस्साए शिक्षक ने जेब से चाकू निकाल लिया।
इसके बाद वह छात्रा को डराकर लाया और उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए मजबूर कर दिया। इसी बीच साथ मौजूद छोटा भाई चिल्लाने लगा तो अध्यापक ने उस पर चाकू से प्रहार कर दिया। जिससे बच्चे का चेहरा जख्मी हो गया। किसी तरह भाई-बहन घर पहुंचे और आपबीती सुनाई। कुछ देर बात छात्रा की हालत बिगड़ने लगी।
इसके बाद घर वाले उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। यहां से गंभीर हालत में उसे बेहतर उपचार के लिए अन्यत्र ले गए। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी श्रीकांत राय ने कहा कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।