तमकुहीराज। तरयासुजान थाना क्षेत्र के डुमरिया मैरवा गांव में रेलवे लाइन के किनारे रविवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकते हुए मिलने के बाद सनसनी फैल गई। सूचना देने के पांच घंटे बाद पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाई। बिहार सीमा के निकट मिले इस शव की पहचान नहीं हो पाई।
डुमरिया मैरवा गांव के लोग रविवार की सुबह नित्य जरूरत से रेलवे स्टेशन की ओर गए थे। वहां कुशीनगर जनपद की सीमा में रेलवे लाइन के किनारे एक पेड़ से लटकता शव दिखा। वह रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। उसके शरीर पर नीले रंग की जींस, टीशर्ट और जैकेट था। शव मिलने की सूचना गांव में फैलते ही भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना तरयासुजान पुलिस को दी। करीब पांच घंटे बाद पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाने के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। हत्या और आत्महत्या को लेकर शव के बारे में चर्चा जोरों पर रही। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई।
इस संबंध में तरयासुजान थाने के एसओ निर्भय सिंह का कहना था कि शव को देखने से प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविकता की जानकारी हो सकेगी। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है, प्रयास किया जा रहा है।