थावे कप्तानगंज रेलमार्ग पर सोमवार को दो जगहों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा मुस्कील अगरवां गांव में मानव रहित रेलवे फाटक पर एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पास एक अधेड़ व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गए। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार सेवरही थाना क्षेत्र मेंहदिया मठिया गांव निवासी हरदेव प्रसाद की लड़की रमावती का विवाह जगदीशपुर ग्राम सभा निवासी संतोष से हुई है। यह महिला सोमवार की सुबह पैदल ही अपने मायके जा रही थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि सुबह साढ़े पांच बजे 35 वर्षीया रमावती देवी पिपरा मुस्तकील अगरवां गांव के मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर गोरखपुर से पाटलीपुत्र जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं। कुछ देर बाद जब लोग उधर निकले तो ट्रैक पर महिला का क्षत-विक्षत शव देखा गया। महिला की ट्रेन से कटकर मौत की खबर सुनकर कांग्रेस के जिला सचिव मोहम्मद अली, पूर्व प्रधान रामनरेश कुशवाहा, उपेंद्र शुक्ल, नंदन वर्मा, प्रमोद प्रसाद, रामाशंकर ठाकुर, विकास गुप्ता, बलिस्टर प्रसाद आदि लोग पहुंचे। महिला की पहचान होने पर घर के लोग भी पहुंच गए। सेवरही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कठकुइयां प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से कटया गांव निवासी 60 वर्षीय शंकर मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि शंकर मिश्र सुबह किसी काम से कठकुइयां बाजार आए थे और वापस घर लौटते वक्त रेलवे स्टेशन के पश्चिमी ढाले पर कप्तानगंज से सिवान जाने वाली सवारी गाड़ी की चपेट में आ गए।