मंगलपुर में जर्जर प्राथमिक विद्यालय की गिरी छत का मलबा।
- फोटो : अमर उजाला
कसया। प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत के दौरान रविवार को छत गिर जाने से मजदूर घायल हो गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल मजदूर 17 वर्षीय वीरू आठवीं का छात्र बताया जा रहा है। लोगों ने उसको सीएचसी कसया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
भवन जर्जर होने से कई वर्ष पहले ही प्राथमिक विद्यालय मंगलपुर बंद हो चुका था और बगल बने नए भवन में स्कूल चल रहा है। संबंधित विभाग से अनुमति लिए बगैर ग्राम प्रधान पीयूष चतुर्वेदी जर्जर भवन का किसी अन्य उपयोग के लिए मरम्मत करा रहे हैं। रविवार दोपहर में छत गिर गई।
उसमें काम कर रहे गांव के मजदूर वीरू कुमार गोंड पुत्र रामप्रीत गोंड (17) के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। एनपीआरसी अमला प्रसाद ने जानकारी कर बताया कि जर्जर भवन को ग्राम प्रधान तोड़वा रहे थे। इसी बीच छत गिरने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि ग्राम प्रधान का कहना है कि मरम्मत के दौरान मजदूर को चोट लगी है।
नियम की अनदेखी कर चल रहा था काम
कसया। जर्जर भवन की मरम्मत का कार्य भी नियम को ताक पर रख कर किया जा रहा है। किसी भी जर्जर भवन की मरम्मत नहीं कराई जाती, उसको ध्वस्त किया जाता है। नियम के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग की तकनीकी टीम से आगणन के उपरांत उसकी नीलामी की जाती है। अधिक बोली लगाने वाला भवन ध्वस्त कर मलबा ले जाता है। बीईओ अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। जर्जर भवन का जेई से आगणन कराकर नीलाम किया जाता है।
प्रधान के कहने पर काम करने गया था वीरू
गंभीर रूप से घायल वीरू का परिवार आर्थिक तौर पर कमजोर है। वीरू पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुशीनगर में आठवीं का छात्र बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, रविवार को छुट्टी होने से प्रधान के कहने पर वह काम पर गया था। छत गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई है। जिला अस्पताल में भी डॉक्टरों की टीम अत्यधिक गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।