हाटा/कुशीनगर। रविवार को गोरखपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे पूर्व मंत्री और जिलाध्यक्ष समेत 89 सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पुलिस हाटा कोतवाली ले गई। तीन घंटे बाद एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर उन्हें रिहा किया।
पीएम की रैली का विरोध करने के लिए पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह और सपा जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी की अगुवाई में कार्यकर्ता पगरा स्थित कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से बाइक और अन्य वाहनों से गोरखपुर जा रहे थेे। नारेबाजी करते कार्यकर्ता हाटा केन यूनियन चौराहे पर पहुंचे। वहां पहले से मौजूद पुलिस कर्मियों ने काफिले को रोक लिया।
इस बीच पुलिस से हल्की नोकझोंक भी हुई। गिरफ्तार कर पुलिस कार्यकर्ताओं को हाटा कोतवाली ले गई। जहां पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह और जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी समेत 89 कार्यकर्ताओं के खिलाफ शांति भंग में पाबंदी की कार्रवाई की। उन्हें करीब तीन घंटे तक कोतवाली में बैठाए रखा।
इस दौरान एतियात के तौर पर कसया, पटहेरवा, हाटा समेत कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। इस मौके पर टीपू खान, परवेज आलम, सैफुद्दीन आलम, अवधेश यादव, वीरेंद्र नाथ तिवारी, हरेराम सिंह, सुभाष राव, पिंटू राव, दानिश खान, कपिलेश्वर बरनवाल, गोरख यादव, भोला गुप्ता, विनय मिश्रा, मुकेश यादव, शहनवाज खान, प्रेम प्रकाश दूबे, साधू शरण पांडेय आदि मौजूद रहे।