तमकुहीराज। तरयासुजान थाने पुलिस ने अलग अलग स्थानों से शनिवार की रात पांच सौ अस्सी पेटी अवैध शराब बरामद किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आबकारी विभाग एवं तरयासुजान पुलिस ने संयुक्त कार्यवाई करते हुए रविवार की रात थाना क्षेत्र के अहिरौलीदान लोकनहा में एक बडे भार वाहन से 535 पेटी में 25680 शीशी अवैध शराब बरामद किया। पुलिस ट्रक के साथ बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाई में जुटी हुई है। एसओ तरयासुजान विनय पाठक का कहना है कि पुलिस की गाड़ी देख शराब तस्करी करने वाले फरार हो गए। इस दौरान एसआई पुरुषोत्तम राव, चंद्रशेखर प्रजापति, आबकारी निरीक्षक हृदयनारायण पांडेय, विजय सोनकर, ब्रह्मानंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। वहीं शनिवार की ही रात थाना क्षेत्र के डिबनी बंजरवा में नहर के पास एक झाडी से 45 पेटी में 2160 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। दोनों ही स्थानों पर बरामद किए गए शराब के मामले में पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाई में जुटी हुई है।