रामकोला तिराहे के पास ट्रक के आगे गिरने बच्चे की मौत का शव लेकर हास्पिटल में घूमते बच्चे के दादा।
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। मंगलवार को पडरौना से इलाज कराकर बाइक से घर जा रहे ससुर-बहू और पांच माह का बच्चा ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में पांच माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि ससुर-बहू घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। इस वजह से काफी देर तक कस्बे में जाम लगा रहा।
विजयपुर गांव के निवासी नथई ने बताया कि उनकी पुत्रवधू गीता देवी को कुत्ते ने काट लिया था। उसे एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने मंगलवार को जिला अस्पताल गए थे। उनका पांच माह का पौत्र जिसका अभी नामकरण भी नहीं किया गया था, गीता की गोद में था। वापस आते समय रामकोला में शहीद गेट के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रक से धक्का लग जाने के कारण संतुलन बिगड़ गया और बाइक लेकर गिर पड़े। बच्चा ट्रक के पिछले पहिए के नीचे चला गया, जिसके नीचे दब जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नथई और उनकी पुत्रवधू गीता घायल हो गए।
पुलिस ने नथई और गीता को रामकोला सीएचसी में भर्ती कराया। यहां नथई का इलाज चल रहा है, लेकिन गीता की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने देर शाम जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नथई की हालत में कुछ सुधार होने पर वह अपने पौत्र का शव सीने से चिपकाए इधर-उधर भटकते रहे। वह रो रोकर यही कह रहे थे कि अगर वह लोग इलाज कराने नहीं आए होते तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई होती।
रामकोला थाने के एसओ राहुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को थाने में खड़ा करा लिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है।