हादसे के बाद लाोगाों ने हाइवे जाम कर दिया।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
पटहेरवा (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरभार गांव के सामने फोरलेन पर बुधवार की सुबह करीब पांच बजे घर से टहलने गईं तीन महिलाएं एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गईं। इनमें से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर बिहार की तरफ भाग निकला। घटना से नाराज लोगों ने नेशनल हाइवे जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि हादसे के बाद भाग रही बस का डॉयल 100 टीम ने पीछा किया लेकिन पकड़ने की बजाय उसे भागने का अवसर दे दिया गया। करीब दो घंटे बाद क्षेत्रीय विधायक, एसडीएम व सीओ ने बस को जल्दी पकड़ने व डॉयल 100 टीम पर लगे आरोपों की जांच कराने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। पटहेरवा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही गांव की तीन महिलाओं की मौत से मातम छाया हुआ है।
फोरलेन के किनारे स्थित डुमरभार गांव की 40 वर्षीया रामरती पत्नी रामध्यान कुशवाहा, 45 वर्षीया रमावती पत्नी गोरख कुशवाहा और 35 वर्षीया सोना देवी पत्नी श्रवण कुशवाहा भोर में सड़क पर टहलने गई थीं। करीब पांच बजे गांव के सामने ही तीनों महिलाएं तमकुहीराज की तरफ जा रही प्राइवेट बस की चपेट में आ गईं। इस हादसे में रामरती व रमावती की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सोना देवी को फाजिलनगर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोना की भी मौत हो गई। उधर घटना से नाराज गांव के लोगों ने घटना स्थल के पास ही फोरलेन जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोगों के अनुसार दुर्घटना की सूचना तत्काल डॉयल 100 पुलिस टीम को मिली थी।
डॉयल 100 टीम ने दुर्घटना के बाद भाग रहे बस चालक का पीछा भी किया था, लेकिन कुछ देर बाद न तो बस का पता लगा और न ही चालक का। हादसे व सड़क जाम के चलते फोरलेन हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन भीड़ का आक्रोश देखकर एसओ तरयासुजान तथा तमकुहीराज व समउर बाजार चौकी इंचार्ज को भी फोर्स के साथ मौके पर बुला लिया गया। एसडीएम तमकुहीराज गुलाबचंद व सीओ आरके तिवारी भी मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा भी आ गए। करीब दो घंटे तक लोगों को समझाने का प्रयास होता रहा।
अंतत: विधायक के हस्तक्षेप पर सीओ व एसडीएम ने यह आश्वासन दिया कि दुर्घटना में शामिल बस को जल्दी पकड़ लिया जाएगा तथा डॉयल 100 पुलिस टीम पर लगे आरोपों की भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पटहेरवा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक हरिगोविंद भी पटहेरवा थाने पहुंच गए थे। इस मामले में लालबाबू कुशवाहा की तहरीर पर पटहेरवा पुलिस ने अज्ञात बस व चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।