कैशवैन लूटकांड में पुलिस के साथ लगे अहम सुराग
पेट्रोल पंप और दुकानों पर लगे सीसीटीवी की पड़ताल में दिखी चार बदमाशों की तस्वीरें
रेडिएंट कंपनी के कुछ कर्मचारियों समेत कई संदिग्धों से हो रही पूछताछ
शोभित कुमार पांडेय
पडरौना। कैश वैन लूटकांड के 72 घंटे बाद पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। पेट्रोल पंप और दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश दिख रहे हैं। पुलिस उनके हुलिए और गाड़ियों के नंबर के सहारे उन तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है। पूर्वांचल में अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटना की मानीटरिंग डीजीपी कर रहे हैं। जबकि एडीजी और आईजी भी लगातार इसकी प्रगति की जानकारी ले रहे हैं।
सोमवार को हाटा बाजार से कप्तागंज मार्ग पर झांगा बाजार से पहले ही रेडिएंट कंपनी के कैशवैन से बदमाशों ने 1,71,56,469 रुपये लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश दो बाइक और बोलेरो पर सवार थे।
पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना के पर्दाफाश में जुटी पुलिस टीमों ने पेट्रोल पंपों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की तो दो बाइकों पर सवार चार संदिग्ध बदमाशों की तस्वीरें मिली हैं। तस्वीरों और गाड़ियों के नंबर के सहारे उन तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है। पुलिस रेडिएंट कंपनी के कर्मचारियों और अपराधियों दोनों एंगल पर जांच कर रही है। अंतरजनपदीय और अंतर्राज्यीय बदमाशों के घटना में शामिल होने के शक पर पुलिस गहनता से जांच कर रही है। इलेक्ट्रानिक्स संसाधन और वैज्ञानिक तरीकों के अलावा मुखबिर तंत्र को विकसित कर सभी पहलुओं का मूल्यांकन पुलिस कर रही है। इधर रेडिएंट कंपनी के गार्ड अवधेश, कर्मी शिवानंद, कैशियर तेज प्रताप सिंह और चालक दीपक यादव से पुलिस टीमें अलग-अलग पूछताछ कर रही हैं। इसके अलावा गोरखपुर-बस्ती मंडल के करीब एक दर्जन लुटेरों को भी पुलिस ने उठाया है। जिनसे पूछताछ कर घटना के पर्दाफाश की दिशा में जुटी हुई है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस घटना का क्लू तलाश चुकी है, सिर्फ बदमाशों तक पहुंचना शेष है। पुलिस बहुत जल्द पर्दाफाश भी कर सकती है।
रेडिएंट कंपनी के गार्ड, चालक, कैशियर और कुछ अन्य कर्मचारियों से पूछताछ हो रही है। पेट्रोल पंपों और इलेक्ट्रानिक्स दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज से दो बाइक सवार चार संदिग्धों की तस्वीरें मिली हैं। उससे पहचान की कोशिश हो रही है। यह भी हो सकता है कि घटना में शामिल बदमाश वारदात के बाद नेपाल भाग गए हों। पर्दाफाश के लिए लगाई गईं पुलिस टीमें अपना काम कर रही हैं। जैसे ही घटना से जुडे़ बदमाशों का पता लगेगा, वैसे ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। वैसे उम्मीद है कि बहुत जल्द नतीजा सामने आएगा।
- राजीव नारायन मिश्र, एसपी, कुशीनगर
कंपनी के कर्मियों की मोबाइल सर्विलांस से ट्रेस कर रही पुलिस
पुलिस की धरपकड़ और पूछताछ का सिलसिला जारी
हाटा। कोतवाली हाटा क्षेत्र में कैश वैन से हुई लूट की घटना के वर्कआउट की दिशा में पुलिस हाथ पांव मार रही है। बुधवार को पुलिस ने गार्ड को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके अलावा कई संदिग्ध पुलिस की हिरासत में है। लूटकांड के बाद से पुलिस धरपकड़ कर पूछताछ करने का सिलसिला जारी रखा है। इधर, पुलिस ने गार्ड, चालक और कैशियर के मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया है।
हाटा कोतवाली के बकराबाद गांव के सामने सोमवार को रेडिएंट कंपनी 171 लाख रुपये की लूट के मामले में दूसरे दिन मंगलवार को सीओ ओमपाल सिंह और कोतवाल गजेंद्र राय पुलिस टीम के साथ कंपनी के गार्ड के आवास समेत गोरखपुर के कई ठिकानों पर छापेमारी की। उसी दौरान गार्ड सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं रेडिएंट कंपनी के सलाहकार आर एन सिंह भदवलिया और कंपनी के कैश मैनेजमेंट एके प्रसाद ने बुधवार को हाटा कोतवाली परिसर में बताया कि गार्ड, कैशियर और चालक दीपक का मोबाइल पुलिस ने सर्विलांस पर लगाया है। जल्द ही पुलिस टीम इस मामले की पर्दाफाश कर देगी। जबकि कोतवाल हाटा गजेंद्र राय ने बताया कि अभी मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े हर बिंदुओं की गहनता से तहकीकात कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही मामले का वर्कआउट कर दिया जाएगा।