छापेमारी में बरामद हुईं शराब की बोतलें
- फोटो : amar ujala
पडरौना। जीआरपी ने रविवार को चेकिंग के दौरान पनियहवां रेलवे स्टेशन से एक युवक को 38 शीशी देसी शराब के साथ पकडा। जीआरपी प्रभारी आर के राजभर ने बताया कि एसपी जीआरपी के निर्देशन में अभियान चला था। उसी के तहत पनियहवा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया और तलाशी में उसके पास से 38 शीशी अवैध देसी शराब बरामद किया गया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान लालू चौधरी पुत्र स्वर्गीय नान्हू चौधरी निवासी आनंद नगर अवसानी थाना पटखौली जिला चंपारण बिहार के रूप में हुई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
मामूली कहासुनी के बीच युवक को मारा चाकू
पटहेरवा। क्षेत्र के पड़री राजा गांव में रविवार को कहासुनी के दौरान एक मनबढ़ युवक ने दूसरे युवक को चाकू मार कर घायल कर दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिजन उसको निकट के अस्पताल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
पडरीराजा गांव निवासी नारद सिंह पुत्र वर्मा सिंह का गांव के युवक से किसी बात पर बहस छिड़ गई और मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि युवक ने चाकू से प्रहार कर नारद को घायल कर दिया। नारद के सिर में चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। बाद में लोग जुट गए। इस घटना को लेकर दोनों परिवार के बीच झगड़ा होने लगा।
उसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवाया। प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि घायल के परिजन युवक का इलाज कराने गए है। इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।