हाटा/कठकुइयां (कुशीनगर)। मंगलवार की भोर में रिश्तेदारी से बाइक से लौट रहे दो लोग ट्रक की चपेट में आ गए। इसमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। हाटा कोतवाली के गांव मुजहना हेतिम स्थित टोल प्लाजा के पास हुए इस हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पोस्टमार्टम के बाद शाम को पूर्व प्रधान का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिकटा गांव के पूर्व प्रधान डॉक्टर लालजी सिंह अपने गांव के प्रहलाद सिंह के साथ मंगलवार की भोर में बाइक से हाटा की तरफ से फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे। मुजहना हेतिम स्थित टोल प्लाजा से कुछ दूर पहले ही पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक चला रहे डॉक्टर लालजी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे प्रहलाद सिंह घायल हो गए। जब तक लोग पहुंचते ट्रक चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी होने पर पहुंची हाटा कोतवाली पुलिस ने घायल प्रहलाद सिंह को हाटा सीएचसी इलाज के लिए भेजा और डॉ. लालजी सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पडरौना ब्लाक के सिकटा गांव के दो बार प्रधान रह चुके डॉ. लालजी सिंह के निधन की खबर से गांव में मातम छा गया। तमाम जिला अस्पताल सिंह पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बांसी नदी के पचरुखिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।