हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड पुलिस ने डाला डेरा
कसया। झारखंड के दुमका जिले के जरमुंडी थाने में एक वर्ष पूर्व बैजनाथ धाम गए जिले के ही व्यक्ति की हत्या के मामले में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड पुलिस कुशीनगर में डेरा डाले है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जगह छापामारी की है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड पुलिस कसया पुलिस को आवश्यक कागजात सौंपकर शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
कसया थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ दिलीपनगर टोला सिसई निवासी 45 वर्षीय नत्थू प्रसाद का शव हटिया थाना जरमुंडी जिला दुमका झारखंड में 8 अगस्त 2018 को मिला था ।शव की शिनाख्त नही होने पर वहां की पुलिस ने मृतक का फ़ोटो प्रकाशित कराकर अंतिम संस्कार करवा दिया था।मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले थे। मृतक की खोज में निकले भाई उमेश प्रसाद 15 दिन बाद जरमुंडी थाना पहुंचे, जहां उन्हें मृतक की फोटो और कपड़ा दिखाया तो उसने उसे अपने भाई के रुप में पहचान की थी। उसने पुलिस को बताया कि नत्थू को गांव के ही लोग बासुकीनाथ जल चढ़ाने के लिए गए थे। पुलिस को दिए तहरीर में उमेश ने कहा है कि उसके भाई एक फर्नीचर की दुकान पर काम करते थे। उन्हीं लोगों के साथ वह बाबाधाम गए थे। उन लोगों के साथ भाई घर नहीं लौटे। साथ गए लोगों से पूछा तो उन लोगों ने बताया कि वह एक-दो दिन में आ जाएंगे। 10 दिनों तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि भाई की लाश लावारिस हालत में मिली थी। पीड़ित भाई ने गांव के ही पांच लोगों को हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है।