बखिरा। क्षेत्र के सूपा गांव में जमीन में मिट्टी पाटने को लेकर विगत चार अप्रैल को विवाद हो गया। पुलिस व एसपी भी कार्रवाई से बचते रहे। पीड़ित ने मजबूरन न्यायालय से गुहार लगाई। 25 मई को इस मामले में न्यायालय के आदेश पर बखिरा पुलिस ने पीड़ित भगवानदास निवासी सूपा की शिकायत पर गांव के ही मिठाईलाल समेत कुल 12 लोगों पर बलवा, गैरइरादतन हत्या समेत आधा दर्जन से अधिक धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
भगवानदास का कहना है कि चार अप्रैल को दोपहर में वह घर के सामने स्थित जमीन की सहन को मिट्टी डालकर ऊंचा कर रहा था। इससे नाराज होकर विपक्षी एक राय होकर उसके दरवाजे पर चढ़ गए व उसे गाली देने लगे। उसने गाली देने से मना किया तो उन लोगों ने उसे लाठी डंडा से जमकर पीटा। किसी तरह घर में घुसकर उसने अपनी जान बचाई। उसी दौरान एक व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके ऊपर असलहे से फायरिंग कर दिया। गोली उसके शरीर सटकर निकल गई। किसी प्रकार से छिपकर उसने जान बचाई। इस घटना से बखिरा पुलिस व एसपी को अवगत कराया किन्तु विपक्षियों पर कार्रवाई नहीं की गई। मजबूरन उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मिठाईलाल, मेवालाल समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।