तीन थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे सीओ
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। त्रिवेणी चीनी मिल के गन्ना यार्ड में सोमवार को ट्रैक्टर से दबकर एक दूसरे वाहन के चालक की मौत हो गई। सूचना के बाद मृतक चालक की पत्नी के साथ गांव के लोग जुट गए और हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। बाद में मिल के महाप्रबंधक ने पीड़ित पत्नी को नौकरी देने का भरोसा दिया तब जाकर लोग शांत हुए।
कसया क्षेत्र के बैदौली महुआडीह निवासी 46 वर्षीय सुरेश मिश्रा अपने गांव से गन्ना लेकर ट्रैक्टर ट्राली से रविवार को चीनी मिल पर आए थे। गन्ना यार्ड में नंबर लगाकर गांव के बगल से गन्ना लेकर आए एक व्यक्ति के ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे सो गए। सोमवार की दोपहर में वह गहरी नीद में सोए रहे थे। उसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर को आगे बढ़ा दिया। जिससे सुरेश मिश्रा ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गए और सिर कुचल जाने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उसके बाद चीनी मिल के कर्मचारियों को जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे तब तक गाड़ी लेकर आए तमाम ड्राईवर पहुंच गए। बाद में सूचना पर मृतक की पत्नी और गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इधर सूूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कोशिश की तो गांव वाले हंगामा खड़ा कर दिया। गांव के लोग पीड़ित पत्नी को चीनी मिल में नौकरी देने की मांग करने लगे। सीओ नवीन कुमार नायक के साथ तीन थानों की पुलिस पहुंच गई। बाद में महाप्रबंधक मानवेंद्र राय ने मौके पर पहुंच कर मृतका की पत्नी लक्ष्मी मिश्रा को नौकरी देने का लिखित आश्वासन दिया तब जाकर लोग मान गए। इधर पीड़ित पिता श्रीनरायन मिश्र ने पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।