तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 17 पशु मिले
तुर्कपट्टी। ट्रक में भरकर बिहार ले जाए जा रहे 17 पशुओं को मुक्त कराने में तुर्कपट्टी पुलिस को सफलता मिली है। हालांकि पशु तस्कर तथा ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
बृहस्पतिवार की शाम पुलिस को हाइवे के रास्ते 17 पशुओं को ट्रक में लादकर बिहार ले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर प्रेमवलिया से ही ट्रक का पीछा किया। इसकी भनक लग जाने के कारण मधुरिया स्थित घाघी पुल के पास तस्कर और चालक ट्रक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 17 पशु लादे गए थे, जिनमें दो की मौत हो चुकी थी। एसओ तेज जगन्नाथ सिंह ने बताया कि पशु तस्करी को लेकर पुलिस काफी सजग है। जल्दी ही इस धंधे में लिप्त लोग भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।