तमकुहीराज (कुशीनगर)। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के निवासी एक होटलकर्मी को बेहोशी की हालत में कुछ लोग उसके दरवाजे पर छोड़कर भाग गए। उसकी कमर और जांघ में चाकू मारा गया था। घायल युवक को तमकुहीराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य बहादुरपुर निवासी दीनानाथ यादव का पुत्र प्रदीप यादव उम्र 22 वर्ष कौवापट्टी में एनएच 28 के किनारे स्थित एक होटल में काम करता है। उसे बृहस्पतिवार की रात में करीब एक बजे कुछ व्यक्ति बेहोशी की हालत में लेकर आए और दरवाजे पर छोड़कर भाग गए। प्रदीप का पूरा शरीर खून से सना था। पैर व कमर पर लोहे के रॉड से किए गए प्रहार का जख्म है तथा कमर पर धारदार हथियार का घाव है। युवक की हालत देख उसके परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोगों की मदद से उसे सीएचसी तमकुहीराज ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि चिकित्सक ने पुलिस केस का हवाला देकर इलाज करने से इनकार कर दिया तो परिवारीजन एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक अभी बेहोश बताया जा रहा है। इससे घटना कब और कहां हुई, यह स्पष्ट नहीं हो रहा है। घायल युवक के पिता दीनानाथ होटल मालिक को ही घटना के लिए दोषी मान रहे हैं। एसओ सतेंद्र कुवंर ने बताया कि तहरीर नहीं आई है। युवक भी बेहोश है। पुलिस उसके होश में आते ही बयान लेगी और कार्रवाई की जाएगी।