कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव पोखरभिंडा के टोला भगवानपुर में बुधवार की रात ताश खेलने के विवाद में 22 वर्षीय युवक की पीटकर हुई हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जगह छापेमारी की, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
गांव पोखरभिंडा के टोला भगवानपुर निवासी इंद्रजीत और ग्राम प्रधान रामभवन के परिवार के बीच ताश खेलने की बात को लेकर बच्चों में विवाद हुआ था। बुधवार की रात आरोपियों की पिटाई से इंद्रजीत की गांव में ही मौत हो गई। पूरी रात शव दरवाजे पर रखकर सुलह के लिए पंचायत हुई। बात नहीं बनी तो बृहस्पतिवार को इस मामले में केस दर्ज हुआ। घटना की जानकारी होने पर एसपी यमुना प्रसाद व सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसओ को निर्देश दिया था। एसओ आरके यादव ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए गठित टीम लगातार दबिश दे रही है। आरोपियों के रिश्तेदारों के घर भी दबिश दी जा रही है। जल्दी ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।