गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुरवलिया बाजार के पास कसया-सेवरही मार्ग पर शनिवार को दिन के करीब साढ़े दस बजे एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इसमें सवार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां एक की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव पड़री के धन टोली निवासी रामहरी यादव के पुत्र संदीप (25) की 18 जून को शादी है। शादी की तैयारियों के लिए सामान की खरीददारी करने के लिए संदीप अपने रिश्तेदार सचिन यादव व चालक अरविंद के साथ कार से गुरवलिया बाजार जा रहा था। गुरवलिया बाजार के पूर्वी चौराहा से 300 मीटर पहले अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से जा टकराई। लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया। संदीप को बांए पैर और सिर में गंभीर चोट लगी है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सचिन व चालक अरविंद की हालत प्राथमिक उपचार के बाद ठीक बताई जा रही है।