कसया/रहसू बाजार (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमवलिया चौराहे के पास शुक्रवार की भोर में एक ट्रक अनियंत्रित होकर गुमटी, पेड़ व ट्रैक्टर में टक्कर मारने के बाद पलट गया। प्याज लदा यह ट्रक कसया से फाजिलनगर की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। घायलों को इलाज के लिए कसया सीएचसी भेजा गया। इसके चलते शाम तक हाइवे का एक लेन बंद रहा।
शुक्रवार की भोर में करीब पांच बजे प्रेमवलिया चौराहे पर हाइवे के किनारे एक पान की दुकान पर कुछ लोग खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी कसया की ओर से प्याज लेकर फाजिलनगर की तरफ जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक गुमटी, पेड़ व सड़क के किनारे खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मारते हुए हाइवे पर ही पलट गया। इस हादसे में कुड़वा दिलीप नगर निवासी अंगद तथा प्रेमवलिया निवासी मुस्तकीम शाह और झमन गोंड़ घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कसया भेजा। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ट्रक पलटने की वजह से हाइवे के उत्तरी लेन में आवागमन ठप हो गया। दोनों तरफ की गाड़ियां दक्षिण वाली लेन में ही आ जा रही हैं।
इस संबंध में एसओ वेद प्रकाश राय का कहना है कि ट्रक चालक को भी हल्की चोट लगी है। ट्रैक्टर मालिक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।