कुशीनगर। लूट की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस खैरी गांव के समीप से बालू लदे सात ट्रक पकड़कर थाने ले आई। उनके चालकों की तरफ से सौंपे गए कागजातों की जांच के लिए पुलिस ने खड्डा तहसील कार्यालय में भेज दिया।
नेबुआ-जटहां मार्ग स्थित खैरी गांव के निकट लूट की सूचना पर डायल 100 की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां बालू लदे सात ट्रक मिले। पुलिस उन्हें थाने ले आई। उनके चार ट्रक चालकों के पास ही कागजात मिले, हालांकि उनमें किसी के पास बालू खनन से संबंधित टोकन नहीं था। कागजात को सत्यापन के लिए खड्डा तहसील भेज दिया गया। उपस्थित ट्रक चालकों का कहना था कि कुछ लोगों ने 22 ट्रक उस स्थान पर रोक रखे थे, जिनमें अन्य को सुविधा शुल्क लेकर छोड़ दिया गया। इस संबंध में नेबुआ नौरंगिया थाने के एसओ राकेश कुमार का कहना था कि ट्रकों के कागजात सत्यापन के लिए भेजे गए हैं। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।