ट्रेन के सामने खड़े होकर जान देने की कोशिश
- शुक्रवार की दोपहर में सत्याग्रह एक्सप्रेस के सामने खड़ी हो गई थी किशोरी
अमर उजाला ब्यूरो
खड्डा। शुक्रवार की दोपहर में खड्डा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर सिग्नल के पास एक किशोरी ने सत्याग्रह एक्सप्रेस के सामने खड़ा होकर जान देने की कोशिश की। चालक ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को आपातकालीन ब्रेक लगाकर रोक लिया। ट्रेन नजदीक आने पर किशोरी रेलवे ट्रैक पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल है। खड्डा सीएचसी में इलाज चल रहा है। इस वजह से यहां कुछ देर के लिए ट्रेन रुकी रही। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड के खड्डा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर सिग्नल के निकट शुक्रवार की दोपहर में दिल्ली से रक्सौल जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकी गई। बताया जा रहा है कि ट्रेन से कुछ ही दूरी पर ट्रैक पर एक किशोरी आत्महत्या के इरादे से खड़ी हो गई थी। ट्रेन के चालक ने दूर से ही किशोरी को ट्रैक के पास देख लिया था। हादसे की आशंका को देखते हुए उसने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया और ट्रेन किशोरी के पास पहुंचते-पहुंचते रूक गई। बताया जा रहा है कि आउटर सिग्नल होने के कारण ट्रेन की स्पीड भी उस वक्त कम थी। अचानक ट्रेन रुकने पर कई यात्री नीचे उतरे तो किशोरी ट्रैक के बीच घायल पड़ी थी। यात्री अभी घायल युवती को इलाज के लिए भेजने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसके घरवाले भी खोजते हुए पहुंच गए। घरवाले किशोरी को इलाज के लिए खड्डा सीएचसी ले आए। इस संबंध में खड्डा के स्टेशन मास्टर राजेश कुमार ने बताया कि किशोरी को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका था।