पडरौना। यूएनपीजी कॉलेज के खेल मैदान में पडरौना क्रिकेट क्लब की ओर से 17वें वर्ष स्व. कृष्णा साहा व स्व. विमलेश मल्ल की स्मृति में आयोजित क्वालिटी टीवीएस कप क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन बुधवार को कानपुर और मुजफ्फरपुर के बीच ग्रुप बी का पहला मैच खेला गया। इसमें कानपुर ने मुजफ्फरपुर को 46 रनों से पराजित किया। मैच में 47 रनों की शानदार पारी खेलते हुए तीन विकेट लेने वाले कानपुर के शुभम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
कानपुर टीम के कप्तान नीरज वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कानपुर के सलामी बल्लेबाज शुभम और तरुण ने काफी अच्छी शुरुआत की और दोनों के बीच 73 रनों की साझेदारी हुई। तरुण का जब विकेट गिरा तो खेलने आए जयदीप ने पारी को संभाला। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में ही टीम का स्कोर 100 के पार करा दिया। निर्धारित 25 ओवर में कानपुर ने सभी विकेट खोकर 205 रन बनाए। इसमें शुभम ने 47, तरुण ने 31, जयदीप ने 44, अभिषेक ने 35 व अंकित ने नाबाद 15 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। वहीं, मुजफ्फरपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अतुल ने चार, सतीश, दीपक ने दो-दो, मयंक व आशीष ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम की शुरुआत ठीक रही, लेकिन जब 31 रन के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज गुरजन का विकेट गिरा तो टीम दबाव में आ गई। मध्यक्रम में आने वाले बल्लेबाज भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सके। आशुतोष व मयंक ने कुछ देर के लिए पारी को संभाले रखा और धीरे-धीरे सम्मानजनक स्कोर तक टीम को पहुंचाया। 25वें ओवर की गेंदबाजी में सभी विकेट खोकर मुजफ्फरपुर की टीम 159 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इसमें अमन ने 35, आशुतोष ने 68, मयंक ने 20 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक को हासिल नहीं कर सका। कानपुर के गेंदबाज शुभम ने तीन, नीरज, तरुण व अभिषेक ने दो-दो व गौरव ने एक विकेट लिया। कमेंट्री प्रिंस तिवारी, अरशद राज व नजमुद्दीन ने की। स्कोरिंग अभिषेक गैरी ने की।