खड्डा। बरवार रतनपुर में करीब 24 लाख की लागत से बना अंत्येष्टि स्थल का फर्श निर्माण के महज चार माह बाद ही जगह-जगह धंस गया है। कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ने लगा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फर्श टूटने और धंसने की स्थिति साफ दिखाई दे रही है।
गांव के लोगों का आरोप है कि लोकार्पण के कुछ ही समय बाद निर्माण की पोल खुल गई। जबकि निर्माण कार्य खंड विकास अधिकारी, अवर अभियंता, ग्राम प्रधान और सचिव समेत कई अधिकारियों की देखरेख में हुआ था। गांव के दुर्विजय राव आदि ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
बीडीओ अनिल कुमार राय ने कहा कि बारिश के समय इस तरह की समस्या हो जाती है। इसकी जांच कराकर दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवर अभियंता (जेई) संतोष गोस्वामी ने बताया कि नई मिट्टी की भराई केकारण फर्श धंस गई है। अभी कुछ कार्य अधूरा भी है। शेष कार्य शीघ्र पूरा कराकर क्षतिग्रस्त हिस्से को भी दुरुस्त करा दिया जाएगा।