पडरौना। पारिवारिक विवाद में मासूम बेटी के हत्यारोपी पिता को कोर्ट ने जेल भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। पुलिस आरोपी की तलाश में चार दिन से दबिश दे रही है, जबकि दो आरोपियों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया।
खड्डा थाना क्षेत्र के रामपुर गोनहा गांव के जंगल टोला निवासी रीतू देवी की सात मार्च की रात भोजन बना रही थी। इस दौरान पारिवारिक विवाद हो गया। रीतू ने नाबालिग देवर की पिटाई कर दी। बीच बचाव करने गए ससुर लक्षन से इसको लेकर विवाद हो गया। इसी बीच पति विवेक भी घर पहुंच गया और पत्नी की पिटाई करने लगा। उसने सात माह की बेटी गुंजा को पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद विवेक फरार हो गया और पुलिस ने ससुर लक्षन समेत गांव के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस इस मामले में आठ मार्च को केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
पुलिस की विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर विवेचक ने मामले में आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुशीनगर कविता सिंह को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अपराध की गंभीरता और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को 23 मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।