पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सुखारी छपरा गांव में एक दंपती के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। यह घटना बीते 18 नवंबर की दोपहर करीब दो बजे की है। पुलिस ने शनिवार को गांव के पांच लोगों के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है।
माया देवी की तहरीर के अनुसार, 18 नवंबर को वह अपने पति शंभू चौधरी के साथ मोटरसाइकिल से पिपरा बाजार जा रही थीं। रास्ते में गांव के रामनिवास, ब्रह्मदेव, रामसुशील, मनीष और अंगद बातचीत कर रहे थे। माया देवी ने उनसे रास्ते से हटने को कहा। आरोप है कि पांचों ने जातिसूचक गालियां दीं और उन्हें अपमानित किया। गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने पति-पत्नी को दौड़ाया। वे उनके घर में घुस गए और लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से पिटाई करने लगे। शोर सुनकर माया देवी का बेटा पिंटू और देवर की पत्नी इंदु बचाने पहुंची। आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सभी आरोपी वहां से चले गए। नेबुआ नौरंगिया थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।