पडरौना। जिले में संचालित सभी परिषदीय विद्यालय सोमवार से खुल जाएंगे। हालांकि अभी बच्चों को स्कूल नहीं आना होगा, सिर्फ शिक्षक स्कूल आएंगे और वह शैक्षणिक, प्रशासकीय एवं अन्य कार्यों को पूर्ण करेंगे।
पहले 20 मई से 15 जून तक स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी। अब शासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों की छुट्टी बढ़ा दी है। अब एक जुलाई से बच्चे स्कूल आएंगे। जिले में 2464 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें पौने तीन लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शासन के निर्देश पर 20 मई से 15 जून तक स्कूलों में ग्रीष्मावकाश की छुट्टी घोषित की गई थी।
16 जून से बच्चों को स्कूल जाना था। इन दिनों जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए परिषदीय स्कूलों की छुट्टी बढ़ा दी गई है। वर्तमान में अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेव को देखते हुए स्कूलों में 30 जून तक पठन-पाठन के लिए छात्र छात्राएं नहीं आएंगे। एक जुलाई से स्कूल अपने निर्धारित समय पर नियमित खुलेंगे। जबकि, 16 जून से स्कूल खुल जाएंगे।
इस दौरान स्कूल में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय जाएंगे। वह शैक्षणिक, प्रशासकीय एवं अन्य कार्यों को पूर्ण करेंगे। हालांकि मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति अपना निर्णय लेने के लिए अधिकृत है। वह अपने हिसाब से निर्णय ले सकते हैं।