छह जमातियों समेत नौ लोगों की कोरोना सैंपल रिपोर्ट निगेटिव
पडरौना। छह जमातियों सहित नौ लोगों को कोरोना के संदिग्ध के तौर पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाए जाने के बाद सोमवार को लोग सहम गए थे। बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से मंगलवार इनकी जांच रिपोर्ट आ गई। ये सभी कोरोना निगेटिव बताए गए हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना से हर कोई जूझ रहा है। इस पर नियंत्रण के लिए लगाए गए लॉकडाउन की वजह से लोगों को अपने घरों में ही रहना पड़ा रहा है। सामाजिक दायरा का पालन भी किया जा रहा है। इसके बावजूद जनपद में सोमवार को अचानक कोरोना के नौ संदिग्ध व्यक्तियों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड लाए जाने के बाद लोगों के मन में तरह-तरह की आशंकाएं उत्पन्न होने लगी थीं। अस्पताल लाए गए व्यक्तियों में छह जमाती थे, जबकि तीन इस जनपद के निवासी थे। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इन सभी का सैंपल लेकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था, लेकिन हर कोई इस बात को लेकर आशंकित था कि कहीं इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव न आ जाए।
बहरहाल, मंगलवार को इनकी रिपोर्ट आई। जमातियों सहित सभी नौ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही। यह देख स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस तरह स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अब तक आइसोलेशन वार्ड से 31 लोगों का सैंपल भेजा गया है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्त ने बताया कि सोमवार को नौ लोगों का सैंपल भेजा गया था। इनकी रिपोर्ट आ गई है। सभी निगेटिव पाए गए हैं।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बजरंगी पांडेय ने कहा कि रिपोर्ट राहत देने वाली है। नौ लोगों में छह बाहरी हैं, जबकि तीन इस जनपद के रहने वाले हैं।
घर में सामूहिक रूप से कुरान पढ़ रहे सात हिरासत में
फोटो के साथ
गुरवलिया बाजार। लॉकडाउन में पाबंदी के बावजूद तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के विजयपुर दक्षिणपट्टी गांव के एक घर में लोगों के सामूहिक रूप से कुरान पढ़ने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने वहां से सात लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्रामीणों की तरफ से तुर्कपट्टी थाने के एसओ जितेंद्र कुमार सिंह को सूचना दी गई कि एक घर में कुछ लोग एकत्र होकर कुरान पढ़ रहे हैं। लॉकडाउन के उल्लंघन की सूचना पर एसओ के साथ एसआई जगमेंद्र, महिला कांस्टेबल साधना गिरी, अंजली सिंह, कांस्टेबल अविनाश यादव, दिनेशचंद यादव, शैलेश यादव, सदानंद यादव व अलाउद्दीन गांव में पहुंचे और सभी सात व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। एसओ ने बताया कि सात लोगों को हिरासत में ले लिया गया। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।