ड्रेन की अधूरी सफाई कर भाग रहे ठेकेदार को लोगों ने रोककर किया हंगामा
माैके पर पहुंचे बीडीओ तो शुरू की सफाई, जाने के बाद मोबाइल बंद कर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। सिधरिया ड्रेन की सफाई कार्य अधूरा छोड़कर भाग रहे ठेकेदार और पोकलेन मशीन को लोगों ने दौड़ाकर रोक लिया। हंगामा करने के बाद पहुंचे बीडीओ ने सफाई शुरु कराया। अफसर और गांव वालों जाने के बाद ठेकेदार पोकलेन मशीन लेकर चला गया।
नेबुआ नौरंगिया ब्लाॅक के सिधरिया ड्रेन की सफाई हर वर्ष आधी-अधूरी होती है। इसकी वजह से सैकड़ों की किसानों का हजारों एकड़ फसल नुकसान होता है। सही तरीके से ड्रेन की सफाई के लिए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषनाथ यादव ने दिशा की बैठक में मांग की थी। 18.5 किमी लंबे ड्रेन की सफाई के लिए करीब दस लाख रुपये स्वीकृत हुए।
बाढ़ खंड खड्डा से तीन दिनों से पोकलेन मशीन से ड्रेन की सफाई कार्य चल रहा था। मंगलवार की दोपहर ठेकेदार पहुंचा और पोकलेन मशीन लेकर जाने लगा। जबकि ड्रेन की सफाई भी ठीक से नहीं हो सकी है। प्रमुख प्रतिनिधि गांव वालों के साथ पहुंचे और रास्ते में पोकलेन को रोक लिया। एसडीएम को सूचना देने के बाद खड्डा बीडीओ विनीत यादव पहुंचे और ठेकेदार को फटकार लगाई तो ड्रेन की सफाई शुरू की। कुछ देर बाद गांव वाले और बीडीओ चले गए तो ठेकेदार पोकलेन लेकर भाग गया। गांव वालों का कहना है कि 15 जून तक सफाई कार्य पूरा हो जाना चाहिए था।
बीडीओ विनीत यादव ने बताया कि ठेकेदार बिना कार्य पूरा किए जा रहा था। मौके पर पहुंचकर सफाई शुरू कराई। बाद में फिर से अपनी मशीन लेकर चला गया। एसडीएम को इसकी रिपोर्ट की गई है।