- हाटा नगर से होकर बहने वाले देवरिया रजवाहा का मामला
- सफाई के लिए विभाग को नहीं मिल रहा था ठेकेदार
हाटा। नगर के पश्चिमी छोर पर बहने वाले देवरिया रजवाहा में करीब तीन सौ मीटर तक नहर की सफाई विभाग की ओर से कई वर्षों से नहीं किया जा रहा था। इससे नहर का पानी ओवरफ्लो होकर बगल से होकर गुजरने वाले रास्ते पर बहने लगाता था। विभाग की ओर से बताया गया था कि इस नहर की सफाई के लिए तीन बार टेंडर निकाला गया, लेकिन किसी ठेकेदार ने इस टेंडर में हिस्सा नहीं लिया। इससे सफाई कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब चौथी बार के टेंडर में इस नहर की सफाई के लिए ठेकेदार मिला है। उम्मीद है कि दो-चार दिनों में सफाई का कार्य शुरू हो जाएगा।
हाटा नगर के बाघनाथ चौराहा के पास फोरलेन पर बने पुल से देवरिया सड़क तक करीब तीन सौ मीटर देवरिया रजवाहा पूरी तरह से सिल्ट से पट गया है। कई वर्षों से नहर में सफाई नहीं होने से सिल्ट के ऊपर बड़ी मात्रा में झाड़ियां उग गई हैं। नहर काफी चौड़ी होने के बाद भी इस जगह पर नाले का रूप ले चुकी है।
नहर की दोनों पटरियों पर घर बने होने की वजह से नगरपालिका की ओर से सड़क का निर्माण कराया गया है। जिससे इस इलाके में रहने वाले लोगों को सुविधा मिल सके, लेकिन जब भी नहर में पानी आता है तो नहर ओवरफ्लो कर सड़क पर बहने लगता है। इस मुहल्ले में रहने वाले लोगों को दिक्कत होती है।
लोगों की समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसे संज्ञान में लेते हुए विभाग की ओर से चौथी बार टेंडर निकाला गया। आखिरकार इस कार्य के लिए ठेकेदार मिल गया।
इस संबंध में सिंचाई विभाग खंड-दो के प्रभारी एई अक्षय कुमार ने बताया कि इस बार सफाई के तरीकों में विभाग की ओर से कुछ बदलाव किया गया है। नहर की सफाई में जेसीबी मशीन की जगह पर पोकलेन मशीन का उपयोग करना है। इस कारण तीन बार के टेंडर में किसी ठेकेदार ने हिस्सा नहीं लिया था। अब टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। दो-चार दिनों में सफाई कार्य शुरू हो जाएगा। इस बार लोगों को ओवरफ्लो की समस्या से परेशानी नहीं होगी।